रायपुर। बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद शनिवार को रायपुर पहुंचे। राजधानी में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए। एयरपोर्ट पर कुछ समय प्रशंसकों से मुलाकात करने के बाद सोनू सूद सड़क मार्ग से दुर्ग के लिए रवाना हो गए, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान सोनू सूद ने छत्तीसगढ़ में चर्चित राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और ऐसे मामलों में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।उन्होंने कहा, “जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। निष्पक्ष जांच के बाद जो भी सच्चाई होगी, वह सामने आ जाएगी। न्यायिक प्रक्रिया पर सभी को भरोसा रखना चाहिए।”
समाज में पारदर्शिता और विश्वास जरूरी
सिने स्टार सोनू सूद ने कहा कि समाज में विश्वास और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। किसी भी संवेदनशील मामले में तथ्यों के सामने आने से पहले अटकलें लगाने से बचना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करेंगी।
एयरपोर्ट पर दिखा जबरदस्त क्रेज
सोनू सूद के रायपुर आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही एयरपोर्ट पर उनके प्रशंसकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही वे बाहर निकले, लोगों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि कुछ ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कोरोना काल से बने लोगों के ‘रियल हीरो’
कोविड-19 महामारी के दौरान देशभर में हजारों जरूरतमंद लोगों की मदद कर सोनू सूद ने एक अलग पहचान बनाई थी। प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने से लेकर शिक्षा, रोजगार और इलाज में सहयोग करने के कारण आज भी वे लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। यही वजह रही कि रायपुर एयरपोर्ट पर उनके आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।










