Chhattisgarh CBI Janch : छत्तीसगढ़ के कोरिया में हुए ट्रिपल मर्डर की जांच CBI को सौंपी गयी। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार ने मंजूरी दे दी है। आपको बता दें कि इसी महीने कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गयी था। अब इस नृशंस हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। राज्य के गृहमंत्री व डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि छत्तीसगढ़ सरकार की जांच के इस अनुरोध को CBI की तरफ से स्वीकार करना बाकी है।
डिप्टी सीएम ने बताया है कि राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की अनुमति दे दी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना (नोटिफिकेशन) भी जारी कर दी है। लंबे समय से पीड़ित परिवार इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग कर रहा था, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
रेत तस्करी विवाद में हुई थी वारदात
दरअसल यह सनसनीखेज घटना 16 जून की रात को कोरिया जिले के नौगईं गांव में हुई थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार रेत तस्करी को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने भाजपा नेता और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया।बताया गया कि एक फॉर्च्यूनर कार में एक ही परिवार के पांच सदस्य सवार थे। आरोपियों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
फरसे से गला काटकर की तीसरी हत्या
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपियों ने भाजपा नेता के भाई वीरेंद्र सिंह पर भी जानलेवा हमला किया। आरोप है कि फरसे से उनका गला काट दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस निर्मम वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और घटना ने प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक चर्चा बटोरी।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने स्थानीय पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की थी। अब राज्य सरकार की मंजूरी के बाद यह मामला सीबीआई को सौंपा जाएगा। माना जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी पूरे घटनाक्रम, हत्या की साजिश, रेत तस्करी के एंगल और अन्य संभावित पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी।
क्या कहा डिप्टी सीएम ने…
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि सभी के बीच चर्चा के बाद निर्णय हुआ है, निर्णय 1 हफ्ते पहले हो गया था लेकिन प्रक्रिया में समय लगा है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णु साय ने अंतिम निर्णय किया। विजय शर्मा ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड के मामले में क्या कारण थे, किन कारणों से हुआ है, प्रकरणों के बीच में क्या संबंध है इन सभी मामलों को लेकर CBI को जांच दिया गया है,
लेकिन एक चरण अभी भी शेष है सीबीआई को अभी उसे स्वीकार करके काम करना शेष है। दो लोग जो गवाह है उनकी सुरक्षा के लिए भी व्यवस्था की गई है, एक स्थित ठीक थी, उनका बयान भी कर लिया गया है। ऐसी घटनाओं का अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ कोर्ट में भी जल्द से जल्द सुनवाई के बाद सजा होगी, जिसे लेकर हम भी पूरी कोशिश करेंगे।










