Crime News। कांस्टेबल व उसकी पत्नी ने बंटी बबली बनकर एक महिला से 20 लाख रुपये ठग लिये। वापस लौटाने के नाम तो जो चेक दिये, वो चेक भी भी बाउंस हो गये। मामला छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर का है, जहां पुलिस विभाग के एक आरक्षक और उसकी पत्नी पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि दोनों ने जमीन खरीदने के नाम पर एक महिला से 30 लाख रुपये उधार लिए, लेकिन तय समय पर रकम वापस नहीं की। बाद में दिए गए 10-10 लाख रुपये के दो चेक भी बैंक में बाउंस हो गए। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन खरीदने के नाम पर लिए 30 लाख रुपये
पुलिस में दर्ज कायत के आधार पर बताया जा रहा है किगांधीनगर थाना क्षेत्र के पटपरिया निवासी अनुपमा सिंह ने शिकायत में बताया कि वह “अनुपमा मेकओवर” नाम से ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। उनकी रिश्तेदार अल्का प्रताप सिंह और उनके पति प्रवीण प्रताप सिंह, जो अंबिकापुर में सीएसपी के ड्राइवर के रूप में पदस्थ आरक्षक बताए जा रहे हैं, ने जुलाई 2023 में जमीन खरीदने के लिए 30 लाख रुपये उधार लिए थे।आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि पीडब्ल्यूडी विभाग में उनके 75 लाख रुपये का भुगतान लंबित है और राशि मिलते ही पूरा पैसा लौटा देंगे।
बार-बार टालते रहे, लौटाए सिर्फ 10 लाख
पीड़िता के अनुसार, लंबे समय तक रकम वापस नहीं की गई। लगातार दबाव बनाने पर मार्च 2025 तक केवल 10 लाख रुपये लौटाए गए। इसके बाद बाकी 20 लाख रुपये के लिए 5 जून और 13 जून 2025 की तारीख वाले 10-10 लाख रुपये के दो चेक दिए गए।
दोनों चेक हुए बाउंस
इस दौरान जब महिला ने दोनों चेक बैंक में जमा किए, लेकिन पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा। पीड़िता का आरोप है कि नोटिस के जवाब में आरोपियों ने केवल 13 लाख रुपये लौटाने की बात कही और शेष रकम देने से इनकार कर दिया।
झूठे केस में फंसाने की भी दी धमकी
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरक्षक होने का फायदा उठाते हुए प्रवीण प्रताप सिंह उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी देता रहा। महिला का यह भी दावा है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी लाखों रुपये उधार लेकर गबन किया है।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
गांधीनगर थाना पुलिस ने 6 जुलाई को प्रवीण प्रताप सिंह और उनकी पत्नी अल्का प्रताप सिंह के खिलाफ धारा 420 और 34 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और आरोपों की जांच में लगी है।










