धमतरी। बिना सूचना दफ्तर से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर गाज गिरी है। सात-अधिकारी-कर्मचारियों को आयुक्त ने औचक छापेमारी में पकड़ा, जिसके बाद सभी से जवाब तलब किया गया है। मामला नगर पालिक निगम धमतरी का है, जहां प्रभारी आयुक्त पी.सी. सार्वा ने औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान कई शाखाओं में कर्मचारी अपनी कुर्सियों से गायब मिले।
वहीं अटेंडेंस रजिस्टर की जांच में दो बाबू, एक भृत्य और चार प्लेसमेंट इंजीनियर कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए। किसी के पास स्वीकृत अवकाश या अनुपस्थिति का वैध रिकॉर्ड नहीं मिलने पर प्रभारी आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उपस्थिति रजिस्टर खुला तो खुल गई पोल
निरीक्षण के दौरान प्रभारी आयुक्त ने एक-एक शाखा में पहुंचकर उपस्थिति पंजी का मिलान किया। जांच में सामने आया कि सात कर्मचारी ड्यूटी के समय कार्यालय में मौजूद नहीं थे। प्रारंभिक जांच में उनकी अनुपस्थिति के संबंध में कोई अधिकृत सूचना या अवकाश स्वीकृति भी उपलब्ध नहीं थी। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
साफ चेतावनी—जवाब संतोषजनक नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई
प्रभारी आयुक्त पी.सी. सार्वा ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
नागरिकों के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान प्रभारी आयुक्त ने केवल उपस्थिति ही नहीं, बल्कि विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों, फाइलों की स्थिति और आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि लंबित मामलों का निराकरण समय पर क्यों नहीं हो रहा है और निर्देश दिए कि निगम कार्यालय आने वाले नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि कार्यालय में नियमित उपस्थिति, समयबद्ध कार्य और जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।










