धमतरी, 12 जुलाई 2026। स्कूल में लापरवाही की इंतहा हो गयी। बच्ची को स्कूल में बंद कर शिक्षक घर चले गये। बच्ची की चीख पुकार पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे और फिर बच्ची को स्कूल से बाहर निकाला। मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड स्थित पीएम श्री प्राथमिक शाला कठौली का है, जहां बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। विद्यालय की छुट्टी के बाद शिक्षकों द्वारा स्कूल में ताला लगा दिया गया, लेकिन पहली कक्षा की एक मासूम छात्रा कक्षा के अंदर ही बंद रह गई। बच्ची कई घंटों तक स्कूल में कैद रही और रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने उसकी रोने की आवाज सुनकर स्कूल का ताला तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
कई घंटों तक स्कूल में कैद रही मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजने के बाद देर शाम स्कूल परिसर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और स्कूल का ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला। इस दौरान बच्ची कई घंटों तक भूख-प्यास से परेशान रही। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बच्ची को बाहर नहीं निकाला जाता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।
शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप
इधर, इस घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल बंद करने से पहले सभी बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने की पुष्टि करना शिक्षकों की जिम्मेदारी होती है। आरोप है कि घटना सामने आने के बाद प्रधानपाठक ललित साहू और अन्य शिक्षकों ने जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय पूरे मामले का दोष विद्यालय के स्वीपर पर मढ़ने की कोशिश की।
जांच के आदेश, नोटिस जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका मिश्रा ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जांच टीम गठित करने के साथ स्थानीय नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है। वहीं संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि पीएम श्री विद्यालय जैसे मॉडल स्कूलों में यदि बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह की लापरवाही हो रही है, तो यह बेहद चिंताजनक है।










