Dhamtari School Student Bite Incident: धमतरी। स्कूल में उस वक्त अफरा तफरी मच गयी, जब एक छात्र ने क्लास में घूम-घूमकर छात्रों को काटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब दर्जन भर छात्रों को दांत काटकर लड़के ने जख्मी कर दिया। घटना के बाद स्कूल में अफरा तफरी मच गयी। तत्काल सभी बच्चों को अस्पताल भेजा गया। मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम सिलौटी स्थित एक सरकारी स्कूल का है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र ने अचानक अपने सहपाठियों पर हमला कर उन्हें काटना शुरू कर दिया। घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए। सभी घायल बच्चों को तत्काल स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में लाया गया, जहां उन्हें एहतियातन एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण पाया और स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची और प्रभावित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू किया।जिस छात्र ने सहपाठियों को काटा, उसे विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टर उसके व्यवहार में आए अचानक बदलाव के कारणों की जांच कर रहे हैं।
तीन साल पहले कुत्ते के काटने की जानकारी
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले कुत्ते ने काटा था। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान घटना का रेबीज से कोई संबंध अभी तक पुष्टि नहीं हुआ है। मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।










