छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बिलासपुर जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। डीईओ ने आदेश जारी करते हुए सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। IMD अलर्ट के मुताबिक अगले कुछ दिन स्थिति ऐसी ही रहने वाली है। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए बिलासपुर जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), बिलासपुर ने आदेश जारी कर जिले के स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। यह निर्णय विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों में गुरुवार से लगातार मूसलाधार बारिश दर्ज की जा रही है।
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है। कई स्कूल परिसरों में पानी भर गया है और कुछ पुराने व जर्जर स्कूल भवनों में सुरक्षा संबंधी खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया है।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

खबरें अपडेट हो रही है… रिफ्रेश करते रहें…










