Ex TI Suresh Chand Yadav Arrest। कमीशनखोरी मामले में में बड़ा एक्शन हुआ है। पूर्व टीआई को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। मामला छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले का है। बताया जा रहा है कि सैलरी पैकेज इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के नाम पर कमीशन मांगने के आरोप में नारायणपुर के पूर्व थाना प्रभारी एवं निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है।
शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि इंश्योरेंस क्लेम दिलाने के एवज में तत्कालीन थाना प्रभारी सुरेश चंद यादव ने कमीशन की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद नारायणपुर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर निरीक्षक और एक अधिवक्ता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
गिरफ्तारी के बाद भेजे गए जेल
इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। वहीं, मामले में आरोपी बनाए गए अधिवक्ता के संबंध में भी विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है।
SP संदीप पटेल बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने वाले संदीप पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ कहा है कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्राप्त शिकायत की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, जुटाए जा रहे साक्ष्य
पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। दस्तावेजों, संबंधित व्यक्तियों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










