बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में थूक लगाकर सामान बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। थूक लगाकर सामान बेचने का मामला एक बेकरी का बताया जा रहा है, जहां से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के आधार पर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि तिफरा स्थित एक बेकरी में खाद्य पदार्थों पर थूक लगाकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग दुकान के बाहर एकत्र हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।हालांकि, पुलिस ने अभी तक वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
क्या है पूरा मामला?
ये पूरा मामला बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर का बताया जा रहा है। यहां संचालित स्टार बेकर्स नामक दुकान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि दुकान संचालक बेकरी उत्पादों पर थूक लगाकर उन्हें ग्राहकों को बेच रहे थे। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग दुकान पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। बाद में दोनों आरोपियों को सिरगिट्टी थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
धर्म छिपाकर कारोबार करने का भी आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक खुद को हिंदू बताकर व्यवसाय कर रहे थे, जबकि वे दूसरे धर्म से जुड़े हैं। इन आरोपों को लेकर भी लोगों में आक्रोश देखने को मिला।इन दावों की भी फिलहाल पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।
पुलिस ने जब्त किया DVR, जुटाए जा रहे साक्ष्य
सिरगिट्टी पुलिस ने दुकान का डीवीआर (DVR) जब्त कर लिया है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
हिंदू संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद कई हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने इस मामले को “थूक जिहाद” से जोड़ते हुए कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा भी गंभीर मामला है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसलिए अभी तक सामने आए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।










