दुर्ग। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पुणे-हटिया एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनका दायां पैर कट गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
चलती पुणे-हटिया एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, ओरिएंटल इंश्योरेंस के एरिया मैनेजर की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा @secr @RailMinIndia @train @traincctv @RailwaySeva pic.twitter.com/aVFr5d4Yu5
— NEWS POST (@NEWSPOSTHINDI) July 24, 2026
CCTV में साफ दिख रहा है कि ट्रेन आगे बढ़ रही है, तभी दौड़ते हुए संदीप सिन्हा आते हैं और दरवाजे को पकड़कर अंदर घुसने की कोशिश करते हैं, एक बारगी तो लगता है कि वो आराम से ट्रेन के अंदर दाखिल हो गये हैं, लेकिन अगले ही क्षण उनका बैंग पकड़ा हाथ बाहर की ओर निकलता है और वो पल भर में ही पटरी में समा जाते हैं।
चलती ट्रेन पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा पुणे-हटिया एक्सप्रेस में सवार होने का प्रयास कर रहे थे। ट्रेन चल चुकी थी, लेकिन उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसा इतना भयावह था कि उनका दायां पैर कट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर जीआरपी (Government Railway Police) मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय परिस्थितियां क्या थीं और क्या किसी प्रकार की अन्य लापरवाही भी सामने आई है।
रेलवे की चेतावनी के बावजूद नहीं रुक रहे हादसे
रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में कभी भी चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। इसके बावजूद ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।संदीप कुमार सिन्हा के साथ हुआ यह हादसा एक बार फिर इस बात की गंभीर चेतावनी है कि कुछ सेकंड की जल्दबाजी पूरी जिंदगी छीन सकती है। ट्रेन छूट जाने पर अगली ट्रेन का इंतजार करना कहीं अधिक सुरक्षित है, बजाय अपनी जान जोखिम में डालने के।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से फिर अपील की है कि—
- चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश बिल्कुल न करें।
- ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें।
- जल्दबाजी और जोखिम भरा व्यवहार जानलेवा साबित हो सकता है।
- प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।



















