अंबिकापुर/सूरजपुर। रेलवे कर्मचारी ने एक महिला और कुछ पुलिसकर्मियों पर ब्लैकमेल कर करीब दो लाख रुपये की वसूली करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), सूरजपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
आवेदक कलीम असरफ का आरोप है कि वर्ष 2023 से उन्हें दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने और रेलवे की नौकरी खत्म कराने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया। उनका दावा है कि इसी दबाव में उनसे पहले 1.50 लाख रुपये और बाद में 50 हजार रुपये अलग-अलग माध्यमों से लिए गए।पीड़ित का कहना है कि उसके पास कथित वसूली से जुड़े ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और लेन-देन के साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिन्हें उसने जांच के दौरान प्रस्तुत करने की बात कही है।
रेलवे कर्मचारी ने बताया कि महिला पहले से आरोपी रही है। उस पर एक महिला की हत्या का आरोप है, वहीं महिला ने अपने पति के खिलाफ भी मामला दर्ज करा रखा है। रेलवे कर्मचारी ने अपनी शिकायत में बताया है कि उन्हें फंसाने की धमकी देने वाली महिला, दूर की रिश्तेदार है। एक जमीन के प्रकरण की वजह से वो उन पर आरोप लगा रही है।
अब जमीन अपने नाम कराने का भी दबाव
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अब आरोपित पक्ष उनकी जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा है। कलीम असरफ का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें झूठे आपराधिक मामले में फंसाने और नौकरी समाप्त कराने की धमकी दी जा रही है।मीडिया से बातचीत में पीड़ित ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है और अब न्याय की उम्मीद में उच्च अधिकारियों के पास पहुंचा है। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
आईजी, कलेक्टर और एसपी को सौंपी शिकायत
पीड़ित ने सरगुजा रेंज के आईजी, सूरजपुर कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में संबंधित महिला और जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



















