Shravani Mela Special Train 2026। श्रावणी मेला की शुरुआत होने वाली है। बाबा भोले से इस पवित्र माह में पूजा अराधना के लिए भक्त तैयार हो रहे हैं, तो वहीं रेलवे ने भी अपने स्तर से भक्तों की सहूलियत के लिए तैयारियां की है। सावन माह में बाबा भक्तों के लिए प्रसिद्ध पूजा स्थल बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) और दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ओर जहां इतवारी-मधुपुर-इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है, वहीं दूसरी ओर एलटीटी-शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस को भी महादेवसाल स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया गया है। रेलवे का कहना है कि सावन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को आरक्षित सीटें मिल सकें और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो।
महादेवसाल स्टेशन पर रुकेगी एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस
श्रावणी मेले के अवसर पर 28 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक ट्रेन संख्या 18029/18030 एलटीटी-शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस का महादेवसाल स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा।
ट्रेन संख्या 18029 (एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस)
• अवधि: 28 जुलाई से 26 अगस्त 2026
• महादेवसाल आगमन: सुबह 4:29 बजे
• प्रस्थान: सुबह 4:31 बजे
ट्रेन संख्या 18030 (शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस)
• अवधि: 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026
• महादेवसाल आगमन: रात 9:36 बजे
• प्रस्थान: रात 9:38 बजे
बाबा धाम के लिए चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 08895/08896 इतवारी-मधुपुर-इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अगस्त महीने में दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें—
• 4 एसी थ्री टियर
• 10 स्लीपर
• 4 जनरल
• 2 एसएलआरडी कोच
शामिल हैं।
इतवारी से मधुपुर का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 08895 प्रत्येक शनिवार 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक चलेगी।
• इतवारी प्रस्थान – सुबह 4:30 बजे
• दुर्ग – 8:35 बजे
• रायपुर – 9:30 बजे (प्रस्थान 9:35 बजे)
• भाटापारा – 10:35 बजे
• अगले दिन सुबह 6:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी का समय
ट्रेन संख्या 08896 प्रत्येक रविवार 2 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक मधुपुर से सुबह 9:00 बजे रवाना होगी।
• भाटापारा – सुबह 4:18 बजे
• रायपुर – सुबह 5:20 बजे (प्रस्थान 5:25 बजे)
• दुर्ग – सुबह 6:20 बजे
• इतवारी – सुबह 11:50 बजे
अभी भी उपलब्ध हैं कंफर्म सीटें
रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन के सभी फेरों में एसी-3 और स्लीपर श्रेणी में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं। यात्रियों से जल्द से जल्द अग्रिम आरक्षण कराने की अपील की गई है ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन और प्रमुख ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा मिल सके।




















