अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में रविवार को दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी से सनसनी फैल गई। हाल के सालों में ये सबसे बड़ी उठाईगिरी है। घटना अंबिकापुर जिले के काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाश ने ज्वैलरी दुकान संचालक की स्कूटी के पास रखा करीब ₹1 करोड़ के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
दुकान खोलने पहुंचे थे संचालक, तभी हुई वारदात
घटना के बारे में जानकारी के अनुसार, सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव सुबह दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग स्कूटी के पास रखा था। इसी बीच एक अज्ञात बदमाश मौका पाकर बैग उठाकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस को आशंका है कि आरोपी घटना पूर्व से लगातार कारोबारी की गतिविधि पर नजर रख रहा होगा इसलिए वो बड़ी आसानी से वारदात कर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुआ संदिग्ध
घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस इस मामले में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है।
NH-43 से लगे इलाके में हुई वारदात
बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग (NH-43) पर हाई स्कूल के पास स्थित है। व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इस मामले में कारोबारी काफी दहशत मे है। दिन दहाड़े जिस तरह की वारदात हुई है, उसे लेकर चिंताएं बढ़ गयी है। वहीं पुलिस इस घटना को लेकर काफी सतर्क हो गयी है।



















