Chhattisgarh Rain Red Alert । छत्तीसगढ़ में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 10 से ज्यादा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के भारी बारिश जका अलर्ट10 से ज्यादा जिलों में मूसलाधार बारिश अगले 24 से 48 घंटे में होगी। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले 24 से 48 घंटों के दौरान भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो वार्निंग जारी करते हुए जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।मौसम विभाग की ओर से 28 जुलाई 2026 को दोपहर 2:15 बजे जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार, कई जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
इन जिलों में रेड अलर्ट, हो सकती है अत्यंत भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़, सरायपाली (महासमुंद), गरियाबंद और बलौदाबाजार जिले के कुछ स्थानों पर Very Heavy to Extremely Heavy Rainfall यानी अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में स्थानीय प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बिलासपुर, सक्ती, जांजगीर-चांपा और रायपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कोरबा, धमतरी, दुर्ग, बलौदाबाजार, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
अगले 48 घंटे भी रहेंगे चुनौतीपूर्ण
आईएमडी के अनुसार अगले 48 घंटों में सारंगढ़-बिलाईगढ़, महासमुंद, बलौदाबाजार, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और नारायणपुर जिलों में अत्यंत भारी बारिश का खतरा बना रहेगा।वहीं बिलासपुर, सक्ती, जांजगीर-चांपा, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, कोरबा सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

बाढ़ और जलभराव की स्थिति बन सकती है
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। तेज बारिश के दौरान दृश्यता कम होने से सड़क यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
IMD की एडवाइजरी: इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग ने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है—
• नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
• भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
• बिजली चमकने और गरज के समय खुले स्थानों पर न जाएं।
• किसान मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करें।
• प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
• बच्चों और बुजुर्गों को खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रखें।
प्रशासन को किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने सभी संबंधित जिलों के प्रशासन को
संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने और अफवाहों से बचने की भी अपील की गई है।



















