Monkey Waving Flag। आज के दौर में भी अलौलिक नजारे नजर आ जाते हैं, जिसके बाद लोगों की आस्था बढ़ जाती है। ऐसा ही कुछ नजारा छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले का सिंधौरी वार्ड में दिख रहा है। यहां एक सप्ताह के एक बंदर होटल में आता है और होटल के शीर्ष पर लगा भगवान श्रीराम के झंडे को लहराता है। ये घटना इन दिनों खूब चर्चा में है। स्थानीय लोग कहते हैं कि करीब एक सप्ताह से यह बंदर हर रोज इसी तरह से होटल की छत पर पहुंचता है और वहां लगे धार्मिक भगवान श्रीराम के झंडे को हिलाता रहता है। देखकर यही लगता है मानों वो श्रीराम के झंडे को लहराने की कोशिश कर रहा है। अब इस नजारा देखने के लिए रोज लोगों की भीड़ जुटने लगी है।
रोज एक ही समय पर पहुंच रहा बंदर
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर पिछले कई दिनों से लगभग तय समय पर होटल की छत पर आता है। वह सीधे ध्वज के पास पहुंचता है, उसे हाथों से पकड़कर हिलाता है और कुछ देर वहीं बैठा रहता है। इसके बाद बिना किसी को नुकसान पहुंचाए वहां से चला जाता है। यही क्रम लगातार दोहराए जाने से लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है।
मोबाइल कैमरों में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
बंदर की इस हरकत को आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो पर हजारों लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कोई इसे सामान्य व्यवहार बता रहा है तो कोई इसे आस्था से जोड़कर देख रहा है।
आखिर क्यों करता है बंदर ऐसा?
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बंदर अक्सर किसी खास जगह या वस्तु के प्रति आदत विकसित कर लेते हैं। यदि उन्हें किसी स्थान पर बार-बार आने का अनुभव अच्छा लगता है तो वे उसी जगह लौटते रहते हैं। इसलिए इस घटना को किसी चमत्कार या विशेष दावे से जोड़ने का फिलहाल कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
विशेषज्ञों की अपील
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बंदर को देखने के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उसे खाने की चीजें न दें और न ही छेड़ने की कोशिश करें। ऐसा करने से जानवर का व्यवहार आक्रामक हो सकता है और हादसे की आशंका बढ़ सकती है।
कौतूहल का केंद्र बना सिंधौरी वार्ड
फिलहाल सिंधौरी वार्ड में यह बंदर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हर दिन लोग यह देखने पहुंच रहे हैं कि क्या आज भी वह उसी तरह ध्वज के पास आएगा। वायरल वीडियो के बाद यह घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है।



















