VSK App Online Attendance। छत्तीसगढ़ में VSK ऐप के जरिए शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति (Online Attendance) को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग अब और सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 30 जुलाई 2026 को सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक के एजेंडे में ऑनलाइन अटेंडेंस की समीक्षा प्रमुख बिंदुओं में शामिल है।आदेश के अनुसार बैठक में सभी संयुक्त संचालक (संभागीय शिक्षा कार्यालय) और जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की वीडियो कांफ्रेसिंग पर उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

ऑनलाइन अटेंडेंस पर होगी विस्तृत समीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 28 जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, बैठक में स्कूलों में लागू VSK ऐप आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा की जाएगी। विभाग यह जानने का प्रयास करेगा कि जिलेवार ऑनलाइन अटेंडेंस की स्थिति क्या है और इसमें आ रही समस्याओं का समाधान कैसे किया जाए।शिक्षा विभाग के संकेत बताते हैं कि आने वाले दिनों में ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर निगरानी और अधिक कड़ी हो सकती है।
बैठक में इन मुद्दों पर भी होगी चर्चा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निम्नलिखित एजेंडों पर समीक्षा की जाएगी—
- CM हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति।
- शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों/अधिकारियों की ऑनलाइन अटेंडेंस।
- अति आवश्यक मरम्मत कार्यों की प्रगति।
- पाठ्य पुस्तकों के वितरण की स्थिति।
- गणवेश वितरण।
- साइकिल वितरण।
- PARES (पारस) पोर्टल में प्रविष्टि और एंट्री की स्थिति।
पहले मांगी गई एजेंडा की जानकारी
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को 29 जुलाई दोपहर 12 बजे तक एजेंडा से संबंधित जानकारी भेजनी थी, ताकि समीक्षा बैठक में प्रत्येक जिले की स्थिति पर चर्चा की जा सके। बैठक के लिए NIC लिंक और समय की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी अनिवार्य
आदेश के अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव स्तर की इस समीक्षा बैठक को शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण बैठकों में माना जा रहा है। माना जा रहा है कि ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर बैठक के बाद नए निर्देश या सख्ती देखने को मिल सकती है।



















