Chhattisgarh School Holiday News। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और तेज बहाव के कारण हादसों की खबरें भी सामने आ रही हैं। ऐसे हालात में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में आज 29 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित किया गया है।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
लगातार बारिश के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई जगहों पर बच्चों को जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया।

डीईओ ने जारी किया आदेश
धमतरी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकासखंड नगरी के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 29 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित किया जाता है।आदेश के अनुसार यह निर्णय पूरी तरह विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
कई क्षेत्रों में उफान पर हैं नदी-नाले
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। कुछ स्थानों पर तेज बहाव में लोगों के बहने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने भी कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
अभिभावकों से अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे बच्चों को बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतें।

















