Teacher seniority list । छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के प्रमोशन से जुड़ी एक बड़ी अपडेट है 15 अगस्त की मियाद खत्म होने के पहले DPI ने सभी JD को दावा आपति का शेड्यूल दे दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शिक्षकों की प्रावधिक सीनियरिटी लिस्ट को लेकर नया आदेश जारी किया है।
डीपीआई ने सभी संयुक्त संचालकों (JD) को निर्देश देते हुए दावा-आपत्तियों की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
डीपीआई द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 13 फरवरी 2026 के प्रावधानों के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग ने 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में व्याख्याता, व्याख्याता (LB) एवं प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला (ई संवर्ग) की प्रावधिक सीनियरिटी सूची जारी की है। अब इस सूची पर प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।


6 से 11 अगस्त तक होगी संभागवार समीक्षा
आदेश के अनुसार सभी संभागों में 6 अगस्त से 11 अगस्त 2026 के बीच निर्धारित तिथियों पर बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संबंधित संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों से प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी।
डीपीआई ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक संयुक्त संचालक अपने संभाग के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीनियरिटी सूची से संबंधित आपत्तियों का परीक्षण करें और निर्धारित प्रारूप में जानकारी संचालनालय को भेजें।
ई संवर्ग और टी संवर्ग दोनों की जानकारी मांगी
डीपीआई ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त संचालक ई संवर्ग (Education Cadre) और टी संवर्ग (Teaching Cadre) दोनों से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सीनियरिटी सूची का अंतिम निराकरण समय पर किया जा सके और आगे की पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित न हो।
शिक्षकों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि दावा-आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सीनियरिटी सूची जारी होने का रास्ता साफ होगा, जिसके आधार पर पदोन्नति की आगामी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।


















