रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक 5 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे मंत्रालय महानदी भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। शुरुआती जानकारी के अनुसार कैबिनेट में 3 से 4 महत्वपूर्ण एजेंडे रखे जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, कॉमनवेल्थ गेम्स में देश का नाम रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर डीएसपी बनाने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
खाद-बीज और बारिश की स्थिति पर भी होगी समीक्षा
कैबिनेट बैठक में प्रदेश में किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा की जाएगी। साथ ही लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न हालात, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
15 अगस्त की घोषणाओं पर भी नजर
स्वतंत्रता दिवस से पहले होने वाली इस अहम बैठक में 15 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली संभावित घोषणाओं की भी समीक्षा की जा सकती है। सरकार विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और योजनाओं पर अंतिम मंथन कर सकती है।
फिलहाल बैठक का विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है। कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।
(यह खबर प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। कैबिनेट बैठक से जुड़े अपडेट और लिए गए फैसलों की जानकारी मिलते ही खबर अपडेट की जाएगी।)



















