रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक (SI), उप निरीक्षक विशेष शाखा, प्लाटून कमांडर (गृह पुलिस विभाग) भर्ती परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार अब मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को राज्य के 33 जिलों के 183 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी।
7301 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित
CGPSC के अनुसार, नियमों के तहत मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापित पदों के 20 गुना यानी 6820 अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था। हालांकि, विभिन्न वर्गों में समान अंक (Tie) प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की उपलब्धता को देखते हुए प्रावधिक रूप से कुल 7301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हित किया गया है।
अक्टूबर में होगी मुख्य परीक्षा
आयोग ने बताया कि मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम और ऑनलाइन आवेदन की सूचना अलग से जारी की जाएगी।चयनित अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे मुख्य परीक्षा के लिए आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाली अधिसूचना का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
वेबसाइट पर उपलब्ध है रिजल्ट
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के रोल नंबर, नाम और जन्मतिथि शामिल हैं, आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख सकते हैं।



















