दुर्ग। स्कूल से घर लौट रही शिक्षिका से पिस्टल की नोंक लूट हो गयी। इस दौरान लूटेरों ने मारपीट भी की, जिससे शिक्षिका व ड्राइवर जख्मी भी हो गये। घटना छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की है, जहां कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर महिला शिक्षिका से पिस्टल की नोक पर लूटपाट की।
वारदात के दौरान शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका योगिता ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने धक्का-मुक्की की, जिससे शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कराई गई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने दुर्ग जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
कांग्रेस नेता के लूटेरे पकड़ाये
दुर्ग । कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप (45) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अब इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।दुर्ग पुलिस ने मामले में एक बालिग आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि चारों पहले शराब पार्टी कर रहे थे और उसके बाद लूटपाट की नीयत से सड़क पर निकले थे।
सुनसान सड़क पर लूट की तलाश
पुलिस जांच के मुताबिक घटना की रात चारों आरोपी एक दोस्त के घर शराब पी रहे थे। नशे में धुत होने के बाद उन्होंने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। इसके लिए वे काले रंग की डिस्कवर बाइक से दुर्ग-धमधा रोड की ओर निकल पड़े और सुनसान जगह पर शिकार का इंतजार करने लगे।उसी दौरान प्रकाश सिंह कश्यप अपने दो साथियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली और पहले बहस शुरू की। कुछ ही देर में मामला लूट और फिर हत्या तक पहुंच गया।
विरोध पर बरसाए चाकू
बदमाशों ने सबसे पहले प्रकाश सिंह कश्यप की जेब से मोबाइल और नकदी निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19) ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बाकी आरोपियों ने डंडे और पाइप से उनके दोनों साथियों पर हमला कर दिया।


















