रायपुर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर केंद्र सरकार ने राजनांदगांव जिले के ग्राम पटेवा में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC 2.0) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के शुरू होने से राज्य में करीब 9,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जबकि ₹3,000 करोड़ से अधिक के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा। इसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के लिए एक बड़ी औद्योगिक उपलब्धि माना जा रहा है।
केंद्र सरकार से मिली ₹210 करोड़ से ज्यादा की सहायता
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने EMC 2.0 योजना के तहत इस परियोजना को स्वीकृति दी है। परियोजना की कुल लागत ₹432.08 करोड़ है, जिसमें केंद्र सरकार ₹210.56 करोड़ की वित्तीय सहायता देगी।इस परियोजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) करेगा।
306 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर
राजनांदगांव के ग्राम पटेवा में बनने वाला यह क्लस्टर करीब 306.56 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसमें 150.56 एकड़ औद्योगिक भूखंड उद्योगों के लिए आरक्षित किए गए हैं।क्लस्टर में उद्योगों को आकर्षित करने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें—
• रेडी-बिल्ट फैक्ट्री
• निर्बाध बिजली आपूर्ति
• जल आपूर्ति
• वेयरहाउस
• आंतरिक सड़कें
• अन्य आधुनिक औद्योगिक आधारभूत संरचनाएं
राज्य सरकार के अनुसार परियोजना के लिए सभी आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियां मिल चुकी हैं और इसे जल्द शुरू किया जाएगा।
सेमीकंडक्टर और EV कंपनियों ने दिखाई रुचि
इस क्लस्टर में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की चार एंकर कंपनियां पहले ही निवेश में रुचि जता चुकी हैं।इन कंपनियों ने शुरुआती चरण में करीब ₹365 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
मुख्यमंत्री बोले- युवाओं के लिए खुलेगा रोजगार का नया दौर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के युवाओं को करीब 9,000 गुणवत्तापूर्ण और दीर्घकालिक रोजगार मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेगी, ताकि स्थानीय युवाओं को भर्ती शुरू होते ही रोजगार मिल सके।उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार भी जताया।
‘वन क्लिक’ सिस्टम से मिलेगा उद्योगों को फायदा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए ‘वन क्लिक’ सिंगल विंडो सिस्टम विकसित किया है। इसके माध्यम से भूमि आवंटन और सभी आवश्यक स्वीकृतियां तय समय में उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्योग तेजी से अपनी परियोजनाएं शुरू कर सकें।
नवा रायपुर के बाद राज्य का दूसरा बड़ा EMC
राजनांदगांव में बनने वाला EMC 2.0 नवा रायपुर के बाद छत्तीसगढ़ का दूसरा बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर होगा। इससे राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी मजबूती देगी। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट निर्माण और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा मिलेगा।



















