रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के सामने चुनौती बढ़ गयी है। प्रदेश की दो बड़ी परीक्षा एक ही तारीख को प्रस्तावित है। परीक्षा की तारीखों के टकराव ने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। पुलिस SI भर्ती की मुख्य परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ने की स्थिति बन रही है। 25 अक्टूबर को दोनों परीक्षाएं प्रस्तावित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस विभाग की SI भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित की जानी है। वहीं शिक्षक भर्ती परीक्षा भी 25 अक्टूबर को प्रस्तावित बताई जा रही है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने दोनों भर्तियों के लिए आवेदन किया है, उनके सामने एक परीक्षा चुनने की मजबूरी पैदा हो सकती है। ये दोनों परीक्षा प्रदेश के लिए काफी बड़ी है, जिसमें हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे।
25 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी दोनों परीक्षाएं
पुलिस SI भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 7,301 अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 25 अक्टूबर भी शामिल है। इसी तारीख पर शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित होने से दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से दोनों परीक्षाओं की तैयारी करने के बाद तारीखों के टकराव के कारण किसी एक अवसर को छोड़ना पड़ सकता है।
हजारों उम्मीदवारों पर पड़ेगा सीधा असर
सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवा अक्सर एक साथ कई भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन करते हैं। ऐसे में परीक्षा की तारीखें अलग-अलग होने से उन्हें सभी अवसरों में शामिल होने का मौका मिलता है। लेकिन इस मामले में 25 अक्टूबर की तारीख दोनों परीक्षाओं के लिए समान होने के कारण अभ्यर्थियों की मुश्किल बढ़ गई है। खासतौर पर वे उम्मीदवार प्रभावित होंगे जिन्होंने पुलिस SI और शिक्षक भर्ती दोनों के लिए आवेदन किया है।
पहले भी परीक्षा तारीखों को लेकर सामने आई थी परेशानी
छत्तीसगढ़ में परीक्षा कैलेंडर के टकराव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी CG SET और IBPS PO की परीक्षाएं एक ही दिन यानी 4 अक्टूबर को निर्धारित होने से अभ्यर्थियों के सामने इसी तरह की परेशानी की स्थिति बनी थी। एक ही दिन कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं होने से उम्मीदवारों को यात्रा, परीक्षा केंद्र और समय को लेकर भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की उम्मीद
पुलिस SI मुख्य परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख के टकराव के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर संबंधित विभागों पर है। उम्मीदवारों की मांग है कि परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों का भी ध्यान रखा जाए, ताकि किसी अभ्यर्थी को सिर्फ तारीखों के टकराव की वजह से महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न होना पड़े।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव करते हैं या नहीं। फिलहाल 25 अक्टूबर को लेकर हजारों अभ्यर्थियों की चिंता बनी हुई है।




















