धमतरी/नगरी,9 अगस्त 2026। आज पूरे देश, प्रदेश में विश्व आदिवासी दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है,वहीं नगरी के कृषि उपज मंडी परिसर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित है, जहां सर्व आदिवासी समाज के लोग भारी संख्या में शामिल हो रहे हैं, वहीं इस मौके पर रिटायर्ड फौजी एवं ग्राम पंचायत जैतपुरी के सरपंच डोमार सिंह नेताम, संरक्षक सरपंच संघ नगरी एवं संयोजक जिला सरपंच संघ धमतरी ने क्षेत्र एवं जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस हमें अपनी गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, इतिहास और सामाजिक मूल्यों को याद करने का अवसर देता है। आदिवासी समाज ने देश की संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमारे पूर्वजों ने अपनी मेहनत, संघर्ष और त्याग से समाज के लिए एक मजबूत विरासत छोड़ी है।
डोमार सिंह नेताम ने कहा कि आज के समय में शिक्षा और जागरूकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को आगे बढ़कर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भाषा, लोककला, रीति-रिवाज और परंपराओं को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक सैनिक के रूप में देश की सेवा करने का अवसर मिला और आज जनप्रतिनिधि के रूप में गांव एवं समाज की सेवा करना उनका सौभाग्य है। उन्होंने एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए सभी से मिल-जुलकर क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 1994 में 9 अगस्त को विश्व के आदिवासी लोगों का अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया था। इस दिवस का उद्देश्य आदिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति, पहचान और परंपराओं के संरक्षण के प्रति विश्वभर में जागरूकता बढ़ाना है।
अंत में डोमार सिंह नेताम ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने, समाज की एकता को मजबूत करने और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लेने का अवसर है,उन्होंने क्षेत्र एवं जिले के समस्त आदिवासी समाज सहित सभी नागरिकों को विश्व आदिवासी दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


















