रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवाओं के लिए रोजगार, भर्ती और कौशल विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती, शिक्षक पदों पर भी भर्ती
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पुलिस विभाग में 7 हजार युवाओं की भर्ती की जा चुकी है। वहीं शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की जा रही है।सरकार ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सुधार किए गए हैं और नकल व अनुचित साधनों को रोकने के लिए सख्त कानून भी पारित किया गया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई योजना
छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग देने के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू की जा रही है। इसके तहत NEET, JEE, CLAT, रेलवे, SSC, बैंकिंग, PSC और UPSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं को सहयोग देने की योजना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना भी है।
अग्निवीरों के लिए सरकारी भर्ती में 10% आरक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्निवीरों के लिए भी बड़ा ऐलान किया। चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।इस फैसले से सैन्य सेवा पूरी करने के बाद प्रदेश लौटने वाले अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में रोजगार का नया अवसर उपलब्ध होगा।
AI मिशन से युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।इस मिशन के अंतर्गत 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने की योजना है। सरकार का मानना है कि AI आधारित नई अर्थव्यवस्था में युवाओं के लिए रोजगार और कौशल के नए अवसर तैयार होंगे।
स्टार्टअप के लिए 100 करोड़ रुपये का फंड
युवाओं के रोजगार के साथ-साथ उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने छत्तीसगढ़ स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के तहत 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया है।इसके अलावा पीएम सेतु के तहत प्रदेश के 30 ITI का उन्नयन किया जा रहा है। फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी कैंपस, NIFT और NIELIT जैसे संस्थानों की स्थापना से युवाओं के लिए तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के नए रास्ते खुलने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
5 नए मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू
युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किए जा रहे हैं। इनमें गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा शामिल हैं।इससे प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में भविष्य में रोजगार के नए अवसर भी तैयार होने की संभावना है।
खेलों में करियर के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’
मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू करने की घोषणा की। सरकार का लक्ष्य खेल अधोसंरचना को मजबूत करना और प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के द्वार खोले गए हैं। वहीं ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को डीएसपी पद पर पदोन्नत करने और 30 लाख रुपये की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है।
निवेश से 1.74 लाख रोजगार के अवसर की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने उद्योग और निवेश के क्षेत्र में भी रोजगार की बड़ी संभावनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट के माध्यम से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनसे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्विफ्ट टेक्सटाइल से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट स्थापित किया जाएगा।इसके अलावा प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जा रहे हैं। राजनांदगांव में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0, नवा रायपुर में फर्नीचर क्लस्टर तथा जांजगीर-चांपा और राजनांदगांव में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जाएंगे।
नौकरी से लेकर उद्यमिता तक युवाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में युवाओं के लिए सरकारी भर्ती, प्रतियोगी परीक्षा, तकनीकी शिक्षा, AI प्रशिक्षण, स्टार्टअप, खेल और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को प्रमुखता दी गई। सरकार का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ निवेश और नई औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।



















