न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

धमतरी-अजय चंद्राकर झंडा विवाद: एडिटेड वीडियो वायरल करने पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल जब्त

धमतरी में पुराने भाजपा झंडा वीडियो को एडिट कर तिरंगे के अपमान से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

August 18, 2026 12:26 PM
15 अगस्त पर अजय चंद्राकर के झंडोत्तोलन के फोटो को एडिट कर किया वायरल, दो आरोपी गिरफ्तार
---Advertisement---11

धमतरी। सोशल मीडिया पर एडिटेड और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा फहराने से जुड़े एक पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस के दौरान तिरंगे के अपमान से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सोशल मीडिया पर भ्रामक, एडिटेड अथवा आपत्तिजनक सामग्री के जरिए जनभावनाओं को प्रभावित करने वाले मामलों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुराने वीडियो को एडिट कर बनाया भ्रामक कंटेंट

पुलिस के अनुसार मामला 22 मार्च 2026 का है। कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया गया था। इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था।

आरोप है कि इसी मूल वीडियो को बाद में डाउनलोड कर उसमें बदलाव किया गया। वीडियो में भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़कर इसे स्वतंत्रता दिवस से जोड़ दिया गया। वीडियो के साथ “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे संदेश का इस्तेमाल कर इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

इस मामले में सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 190/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4) और 353(2) के तहत जांच शुरू की गई थी।

मोबाइल की जांच में मिले डिजिटल साक्ष्य

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ की। इसके बाद उनके मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन किया गया और पंचनामा तैयार किया गया।

जांच के दौरान मोबाइल फोन में अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन मिले। पुलिस के मुताबिक डिजिटल जांच में सामने आया कि मूल वीडियो को डाउनलोड करने के बाद News Banao App के जरिए उसमें एडिटिंग की गई।

इसके बाद वीडियो में कथित रूप से भ्रामक शीर्षक और तिरंगे का प्रतीक जोड़ा गया और इसे Instagram तथा Facebook पर अपलोड किया गया।

पुलिस के अनुसार वीडियो बाद में डिलीट कर दिया गया था, लेकिन Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी वीडियो से संबंधित साक्ष्य मिले। जांच टीम ने आवश्यक स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित किया।

दूसरे आरोपी के मोबाइल में भी मिली संबंधित सामग्री

पुलिस ने आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की भी जांच की। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने से संबंधित फोटो मिलने की बात सामने आई। पुलिस ने इनका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया।

जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई।

दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त

पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 18 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई गई है—

• भुनेश्वर निराला, पिता मंगल निराला, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़।
• राकेश निराला, पिता स्वर्गीय मंगल निराला, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम जिल्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस ने की सोशल मीडिया यूजर्स से अपील

धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और स्रोत की पुष्टि जरूर करें।

पुलिस ने कहा है कि एडिटेड, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को जानबूझकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। इसलिए किसी भी सामग्री को बिना जांचे आगे शेयर करने से बचना चाहिए।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment