धमतरी। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवाओं के सर चढ़कर बोल रहा है। लेकिन यही जुनून अब कई युवाओं को मुश्किल में भी डाल रहा है। धमतरी में उप जेल के मुख्य द्वार के पास रील बना रहे दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
उप जेल के सामने रील बनाने की मिली सूचना
मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी शहर स्थित उप जेल के मुख्य द्वार के पास दो युवक रील बना रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों युवकों को संवेदनशील और सुरक्षा से जुड़े क्षेत्र में रील नहीं बनाने की समझाइश दी। इसके बावजूद दोनों युवक रील बनाने से बाज नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की।
समझाइश के बाद भी नहीं माने युवक
पुलिस के अनुसार उप जेल जैसे संवेदनशील स्थान के मुख्य द्वार के पास वीडियो या रील बनाने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर युवकों को समझाइश दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने रील बनाना जारी रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दोनों युवकों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दोनों युवक कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों युवकों से “अपराध करना पाप है” के नारे भी लगवाए गए। इसके जरिए युवाओं को अपराध और कानून तोड़ने से दूर रहने का संदेश दिया गया।
संवेदनशील स्थानों पर रील बनाने वालों पर सख्ती
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि संवेदनशील और सुरक्षा से जुड़े स्थानों पर सोशल मीडिया के लिए रील या वीडियो बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के चक्कर में सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
उप जेल, पुलिस कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास बिना अनुमति वीडियो बनाने या ऐसी गतिविधि करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी।
धमतरी में हुई इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि रील बनाने का शौक कानून और सुरक्षा व्यवस्था से ऊपर नहीं है। सोशल मीडिया के लिए कंटेंट बनाते समय युवाओं को स्थान और परिस्थितियों का ध्यान रखना चाहिए।



















