रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश राज्य शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 21 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, सौरभ सिंह ठाकुर को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर के उप संचालक पद से स्थानांतरित कर हाथी रिजर्व, सरगुजा, अंबिकापुर में उप संचालक बनाया गया है। वहीं दिनेश कुमार पटेल को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला के पद से हटाकर अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी में उप संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
Skip to PDF contentगणेश यू.आर. को अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर के उप संचालक पद से स्थानांतरित कर वनमंडल अधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार वनमंडल बिलासपुर बनाया गया है। उन्हें अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसी क्रम में अभिनव कुमार को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली से स्थानांतरित कर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला पदस्थ किया गया है। एस. नवीन कुमार को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर के संचालक पद से स्थानांतरित कर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), पश्चिम भानुप्रतापपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
गौतम पाटीदार को उप वनमंडलाधिकारी, गौरेला वनमंडल, मरवाही से स्थानांतरित कर कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर का संचालक बनाया गया है। वहीं श्वेता कम्बोज को उप वनमंडलाधिकारी, अंबिकापुर वनमंडल से स्थानांतरित कर गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुंठपुर में उप संचालक पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा सुमेध संजय सुरपणे को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा से स्थानांतरित कर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में उप संचालक बनाया गया है। श्री तनमय कौशिक को उप वनमंडलाधिकारी, रायगढ़ वनमंडल से स्थानांतरित कर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्टायलो मंडावी अतिरिक्त प्रभार से मुक्त
आदेश में स्टायलो मंडावी (2011) के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) एवं क्षेत्र निदेशक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर तथा अतिरिक्त प्रभार मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), जगदलपुर विभाग से मुक्त किया गया है। यह कार्रवाई 8 अगस्त 2026 के आदेश के पालन में उत्तम कुमार गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से प्रभावी होगी।
शासन ने सभी अधिकारियों को आदेशानुसार नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इन तबादलों को वन विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



















