धमतरी/सिहावा, 21 अगस्त 2026। सावन के पावन महीने में जहां शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है, वहीं सिहावा में शिव मंदिर से चोरी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। महानदी किनारे स्थित सप्तऋषि वाटिका के शिव मंदिर में अज्ञात चोर ने धावा बोला है, जिनके द्वारा दान पेटी चोरी कर ले जाने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक चोरी की पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जिसका वीडियो भी सामने आया है, हालांकि दानपेटी में कितनी रकम थी और कुल कितने की चोरी हुई है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
सावन में श्रद्धालुओं की भीड़, फिर भी मंदिर में चोरी
सावन के महीने में इस मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। इसके बावजूद मंदिर से दान पेटी चोरी होने की घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि मंदिर मेन रोड किनारे स्थित है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे स्थान पर चोरी की घटना सामने आने के ये दर्शाता है कि यहां अपराधी कितने बैखौफ है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना की जानकारी सामने आने के बाद अब CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल चोरी की रकम का आकलन नहीं हो पाया है। वहीं, जानकारी के मुताबिक मामले में ख़बर लिखे जाने तक FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस द्वारा शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
सावन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक महीने में मंदिर परिसर से दान पेटी चोरी होने की घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा कर दी है। लोगों ने मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।



















