मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरभट्ठा की बताई जा रही है। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के पास अचानक आकाशीय बिजली गिरती दिखाई दे रही है।
मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गीता बाई खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थीं। वह पंडरभट्ठा मेन रोड से पैदल जा रही थीं और उनके सिर पर बर्तन रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और महिला उसकी चपेट में आ गईं।
आकाशीय बिजली गिरते ही मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया।हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता भी सामने आई है। वीडियो में महिला सड़क पर पैदल जाती नजर आती हैं और कुछ ही क्षण बाद बिजली गिरने की घटना दिखाई देती है।
पहली बार आसमानी बिजली गिरने से लाइव मौत की घटना हुई कैमरे में कैद। छत्तीसगढ़ के मुंगेली में आकाशीय बिजली से महिला की गयी जान pic.twitter.com/W2qQy2yyS9
— NEWS POST (@NEWSPOSTHINDI) August 23, 2026
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील करता रहा है। मौसम खराब होने और गरज-चमक होने के दौरान खुले खेत, मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
रायपुर में भी तेज बारिश, कई इलाकों में जलभराव
रविवार को राजधानी रायपुर में भी दोपहर से करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में एक लड़का फंस गया था। सूचना मिलने के बाद उसे रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अगले सात दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।ऐसे मौसम में आकाशीय बिजली से बचाव के लिए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। खेतों में काम कर रहे लोगों को मौसम अचानक खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जाती है।



















