न्यूज हेडलाइन टॉप न्यूज छत्तीसगढ़ ब्यूरोक्रेट वेब स्टोरी/शॉर्टस क्राइम शिक्षक/कर्मचारी देश/राज्य मौसम मनोरंजन खेल/खिलाड़ी राशिफल/धर्म सेहत ऑटोमोबाइल/मोबाइल बिजनेस नौकरी/सरकारी योजनाएं

---Advertisement---

CG sarkari Naukari: छत्तीसगढ़ में 100 से ज्यादा नए पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, कर्मचारी चयन मंडल ने तय की नई शैक्षणिक योग्यता

छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल की भर्ती नियमावली में बड़ा बदलाव किया है। 100 से अधिक नए पद शामिल किए गए और पदवार शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता तय हुई।

August 24, 2026 9:16 AM
---Advertisement---11

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली भर्तियों के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। विभिन्न विभागों के 100 से अधिक नए पदों को भर्ती नियमों में शामिल किया गया है। इसके साथ ही पहली बार इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं भी निर्धारित कर दी गई हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, नए नियमों के लागू होने के बाद कर्मचारी चयन मंडल इन पदों पर निर्धारित योग्यता के आधार पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित कर सकेगा। कुछ पदों के लिए अनिवार्य कॉमन परीक्षा का प्रावधान किया गया है, जबकि तकनीकी और विशेषज्ञ पदों पर संबंधित विषय की डिग्री, डिप्लोमा, कंप्यूटर दक्षता, पंजीयन और अनुभव जैसी शर्तें लागू होंगी।

भर्ती प्रक्रिया होगी अधिक व्यवस्थित

राज्य सरकार का कहना है कि भर्ती नियमों में किए गए इस संशोधन का उद्देश्य विभागों की जरूरत के मुताबिक योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करना है। अलग-अलग पदों के लिए स्पष्ट शैक्षणिक और तकनीकी अर्हता तय होने से भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।अब कर्मचारी चयन मंडल संबंधित विभागों से रिक्तियों की जानकारी मिलने के बाद निर्धारित नियमों के तहत इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा सकेगा।

इन प्रमुख पदों के लिए तय हुई योग्यता

नई भर्ती नियमावली में कई महत्वपूर्ण पदों के लिए अलग-अलग योग्यता निर्धारित की गई है। इनमें खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड निरीक्षक के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक और कॉमन परीक्षा निर्धारित की गई है।राजस्व निरीक्षक के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ सिविल इंजीनियरिंग (सर्वे) में डिप्लोमा की योग्यता रखी गई है। वहीं कनिष्ठ रोजगार अधिकारी के लिए स्नातक होना जरूरी होगा।

संस्कृति विभाग के अनुदेशक पद के लिए स्नातक अथवा 10+2 के साथ मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट (MOM) डिप्लोमा, हिंदी या अंग्रेजी आशुलिपि में 100 शब्द प्रति मिनट की गति, एक वर्षीय कंप्यूटर डिप्लोमा और 10 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटे की टाइपिंग दक्षता निर्धारित की गई है। इस पद के लिए कॉमन परीक्षा भी होगी।

सांख्यिकी लिपिक के लिए सांख्यिकी, गणित, अर्थशास्त्र या वाणिज्य में स्नातक, कंप्यूटर डिप्लोमा और हिंदी या अंग्रेजी में 5 हजार की-डिप्रेशन प्रति घंटे की टाइपिंग गति जरूरी होगी।
इसी तरह असिस्टेंट क्यूरेटर के लिए प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अथवा संग्रहालय विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित की गई है। संग्रहालय सहायक के लिए स्नातक के साथ संग्रहालय विज्ञान में डिग्री या डिप्लोमा की आवश्यकता होगी।

रसायनज्ञ, सहायक रसायनज्ञ, मार्गदर्शक, उत्खनन सहायक, स्वागतकर्ता और तकनीकी सहायक सहित कई अन्य पदों के लिए भी संबंधित विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री को अनिवार्य किया गया है।

तकनीकी और विशेषज्ञ पदों पर विशेष अर्हता

जनसंपर्क विभाग के अभिलेख सहायक पद के लिए गणित, भौतिकी या रसायन विज्ञान में बीएससी अथवा समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। वाटर फिल्टर ऑपरेटर के लिए 10+2 के साथ विभागीय नियमों के अनुसार अन्य अर्हताएं जरूरी होंगी।

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग में मनोवैज्ञानिक पद के लिए मनोविज्ञान या समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर, जबकि विधि सहायक के लिए एलएलबी के साथ तीन वर्ष का न्यायालयीन अनुभव निर्धारित किया गया है।
क्रीड़ा प्रशिक्षक पद के लिए बीपीएड/बीपीई के साथ भारतीय खेल प्राधिकरण का डिप्लोमा जरूरी होगा। वहीं फील्ड ऑफिसर, वरिष्ठ रिसर्च सहायक, फील्ड इन्वेस्टीगेटर और अन्वेषक जैसे पदों के लिए जीव विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित अथवा संबंधित विषयों में स्नातक या स्नातकोत्तर योग्यता तय की गई है।

दिव्यांगजन से जुड़े पदों पर पंजीयन भी जरूरी

समाज कल्याण विभाग के तहत समाज शिक्षा संगठक, पर्यवेक्षण अधिकारी और परामर्श सहायक जैसे पदों के लिए एमएसडब्ल्यू जैसी योग्यता निर्धारित की गई है।

फिजियोथेरेपिस्ट के लिए फिजियोथेरेपी में स्नातक और संबंधित परिषद में पंजीयन अनिवार्य होगा। ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी में स्नातक एवं पंजीयन की शर्त रखी गई है।

वहीं ऑर्थोटिस्ट/प्रोस्थेटिस्ट पद के लिए बीपीओ डिग्री के साथ आरसीआई पंजीयन जरूरी होगा। विशेष शिक्षक पद के लिए संबंधित दिव्यांगता विषय में बीएड (स्पेशल एजुकेशन) और आरसीआई पंजीयन अनिवार्य किया गया है।

इसके अलावा बेल प्रेस, पुनर्वास, दिव्यांग शिक्षा और बालगृहों से संबंधित कई पदों के लिए भी विशेष तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है।

वन विभाग से लेकर खनिज विभाग तक नए नियम

वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में आरटीआई पद के लिए 10+2 (जीव विज्ञान) तथा बीपीएड की योग्यता निर्धारित की गई है। रक्षक पद के लिए 10+2, निर्धारित शारीरिक अर्हता और कॉमन परीक्षा जरूरी होगी।

तकनीकी सहायक पद के लिए विज्ञान, वनस्पति विज्ञान या पर्यावरण विज्ञान में स्नातक तथा बीपीएड या समकक्ष योग्यता रखी गई है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला का डिप्लोमा अथवा मान्यता प्राप्त संस्थान से समकक्ष डिप्लोमा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी की शर्त रखी गई है।

सहकारिता विभाग में सहायक लेखाधिकारी के लिए कॉमर्स में स्नातकोत्तर और कंप्यूटर डिप्लोमा, जबकि सहायक प्रबंधक एवं प्रक्षेत्र सहायक के लिए स्नातक तथा कंप्यूटर डिप्लोमा जरूरी होगा।

उद्योग विभाग में प्रबंधक पद के लिए इंजीनियरिंग डिग्री अथवा औद्योगिक रसायन, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, विज्ञान आदि विषयों में स्नातकोत्तर डिग्री या एमबीए की योग्यता निर्धारित की गई है।

खनिज विभाग के सर्वेयर, स्ट्रिंगर, मैकेनिक, मजदूर और खान सर्वेक्षक सहित तकनीकी पदों के लिए आईटीआई, सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा, सर्वेयर ट्रेड या संबंधित तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है। कुछ पदों पर अनुभव भी अनिवार्य किया गया है।

अभ्यर्थियों के लिए क्या मायने रखता है?

इन संशोधित नियमों के बाद अलग-अलग विभागों के 100 से अधिक पद कर्मचारी चयन मंडल की भर्ती प्रक्रिया के दायरे में आ गए हैं। हालांकि, किसी पद पर भर्ती कब निकलेगी, कितने पद होंगे और आवेदन की अंतिम तिथि क्या होगी, यह संबंधित विभाग की रिक्तियों और कर्मचारी चयन मंडल की आगामी भर्ती अधिसूचना पर निर्भर करेगा। इसलिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने के बाद पदवार योग्यता और अन्य शर्तों को ध्यान से देखना होगा।

 

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment