धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा घटनाक्रम जिले के बोरई थाना क्षेत्र की है, जहां बीते कल यानी मंगलवार देर शाम की है। हादसा दो बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के सामने के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 7:45 बजे बोरई थाना क्षेत्र के घुटकेल के पास हुई। बताया जा रहा है कि छिंदीटोला निवासी दो बाइक सवार ओडिशा के भारन से वापस अपने घर लौट रहे थे। वहीं दूसरी बाइक में ओडिशा के रायघर, ढोररापारा निवासी तीन लोग सवार थे, जो नगरी में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान घुटकेल के पास दोनों बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर घायल दर्द से कराहते नजर आए, इस घटना में ढोररा पारा,रायघर उड़ीसा निवासी अभय और गुरुवर की मौत की खबर है।
घटना की सूचना मिलते ही बोरई थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान एक घायल ने बोरई अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दूसरे घायल की भी मौत हो गई।
हादसे में घायल तीन लोगों का उपचार धमतरी जिला अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं,फिलहाल बोरई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह सहित अन्य जानकारी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।



















