धमतरी। सिहावा-नगरी वनांचल क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी सामने आई है। घटुला-बोरई मुख्य मार्ग पर सीतानदी के पास सड़क किनारे एक बड़ा तेंदुआ दिखाई देने से राहगीरों में दहशत का माहौल है। इस दौरान सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने तेंदुए को अपने कैमरे में कैद कर लिया। अब तेंदुए का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ कुछ देर तक सड़क किनारे नजर आया और इसके बाद जंगल की ओर चला गया। मुख्य मार्ग पर तेंदुए की मौजूदगी का वीडियो सामने आने के बाद इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
गौरतलब है कि सिहावा-नगरी क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। यह इलाका तेंदुआ, भालू समेत कई वन्यप्राणियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास माना जाता है। यही वजह है कि क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और ग्रामीण इलाकों में आए दिन वन्यप्राणियों की मौजूदगी सामने आती रहती है। कई बार तेंदुए द्वारा मवेशियों, बकरियों और मुर्गियों के शिकार के मामले भी सामने आ चुके हैं।
वहीं, तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग भी लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है। विभाग द्वारा लोगों से जंगल और वन्यप्राणी प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने, तेंदुए के दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी जा रही है, ताकि मानव और वन्यप्राणी के बीच संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो और किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।



















