धमतरी। रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक हादसे ने सभी आंखों में आंसू भर दिये। एक तरफ जहां बहनें राखी बांधने की तैयारी कर रही थी, उसी दौरान एक मासूम भाई को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही जान चली गयी। हादसा छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की है। जहां से ये दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आई है।
कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने करीब 6 साल के मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फणीश सोनी के रूप में हुई है।
हादसे के बाद गांव में भड़का आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।बताया जा रहा है कि करीब 3 घंटे से सड़क पर आवागमन बाधित है। चक्काजाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
भारी पुलिस बल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन लगातार जारी है, जिसके कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने और हादसे के आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। हादसे को लेकर आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।
खबर लिखे जाने तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा है। खबरें अभी और अपडेट की जायेगी। कृप्या newsposthindi.com की इस पेज को रिफ्रेश करते रहें।



















