धमतरी/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। धमतरी जिले के अमलतासपुरम कॉलोनी स्थित अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया के निवास पर ED की टीम ने सुबह दबिश दी। बताया जा रहा है कि टीम दो वाहनों से पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों को भी मौके पर तैनात किया गया।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने चेतन बोरघारिया के धमतरी स्थित निवास पर घर के लोगों से पूछताछ की और दस्तावेजों की जांच की। इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
बलरामपुर में भी ED की कार्रवाई की खबर।
उधर बलरामपुर में भी ED की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दो वाहनों से पहुंची टीम सीधे सर्किट हाउस गई, जहां अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। सर्किट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के OSD रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के तार कथित CGPSC भर्ती घोटाले से जुड़े आरोपों से जोड़े जा रहे हैं। हालांकि, ED की ओर से इस कार्रवाई और आरोपों को लेकर फिलहाल विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



















