दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में कार्यस्थल पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना तीन महिला कर्मियों को भारी पड़ गया। लैब में काम के दौरान टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करने और कुर्सी पर मस्ती करते हुए बनाए गए वीडियो के वायरल होने के बाद तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अटल आरोग्य लैब में कार्यरत तीन महिला कर्मियों ने कथित तौर पर करीब 24 अगस्त को कार्यस्थल पर वीडियो बनाया था। वीडियो में तीनों हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती और कुर्सी पर मस्ती करती नजर आ रही थीं। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।
वायरल वीडियो पहुंचा सिविल सर्जन तक
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा और फिर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के संज्ञान में आया। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए लैब का संचालन करने वाले सेवा प्रदाता HLL के इंचार्ज को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया।
नोटिस मिलने के बाद HLL प्रबंधन ने मामले में तत्काल कार्रवाई की। HLL लैब इंचार्ज डॉ. जेपी मेश्राम ने वीडियो में नजर आ रही तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया।
कार्यस्थल पर रील बनाने पर कार्रवाई
अस्पताल की लैब में जहां मरीजों के सैंपल और जांच से जुड़ा काम होता है, वहां महिला कर्मियों द्वारा रील बनाए जाने को लेकर अधिकारियों ने आपत्ति जताई। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची और इसके बाद सेवा प्रदाता कंपनी ने तीनों कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।
फिलहाल तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटाए जाने के बाद मामला चर्चा में है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कार्यस्थल पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर कर्मचारियों को जिम्मेदारी और अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।


















