रायपुर। CGPSC घोटाले से जुड़ी एक बड़ी खबर आ रही है। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC गड़बड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर चेतन बोरघारिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने पूछताछ के लिए 6 दिन की ED रिमांड मंजूर कर दी। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही उनके कई ठिकानों पर छापेमारी भी की गयी थी।
बताया जा रहा है कि ED ने अदालत में चेतन बोरघारिया और CGPSC मामले के आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर के बीच हुई WhatsApp चैट का हवाला दिया। जांच एजेंसी ने इसी कनेक्शन को आधार बनाते हुए चेतन बोरघारिया से पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। कोर्ट की अनुमति के बाद अब ED छह दिनों तक उनसे पूछताछ करेगी।
उत्कर्ष चंद्राकर से कनेक्शन की जांच
ED की ओर से बहस के दौरान अदालत में बताया गया कि जांच के दौरान चेतन बोरघारिया और उत्कर्ष चंद्राकर के बीच WhatsApp पर बातचीत सामने आई है। एजेंसी अब इस बातचीत की कड़ियों को CGPSC गड़बड़ी मामले से जोड़कर जांच कर रही है।ED यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि दोनों के बीच किस तरह का संपर्क था और परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ियों में उनकी क्या भूमिका रही।
पेपर उपलब्ध कराने के आरोप की भी जांच
CGPSC मामले की जांच में अभ्यर्थियों को परीक्षा के पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर कथित तौर पर लाखों रुपये लिए जाने की बात सामने आई है। ED के वकील सौरभ पांडेय के मुताबिक, उत्कर्ष चंद्राकर की भूमिका अभ्यर्थियों तक प्रीलिम्स और मेन्स परीक्षा के पेपर पहुंचाने से जुड़ी होने की बात जांच में सामने आई है।अब ED चेतन बोरघारिया से भी इसी मामले में पूछताछ करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि परीक्षा से संबंधित कथित नेटवर्क में उनकी कोई भूमिका थी या नहीं।
उत्कर्ष चंद्राकर को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
इससे पहले करीब छह दिन पूर्व ED ने आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर को अदालत में पेश किया था। उस समय जांच एजेंसी ने उसकी रिमांड बढ़ाने के लिए आवेदन नहीं दिया। सुनवाई के बाद विशेष अदालत ने उत्कर्ष चंद्राकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।अब इसी मामले में एडिशनल कलेक्टर चेतन बोरघारिया की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। ED उनकी WhatsApp चैट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूछताछ कर मामले में कथित कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी।
6 दिन की रिमांड में ED करेगी पूछताछ
चेतन बोरघारिया को मिली छह दिन की ED रिमांड के दौरान जांच एजेंसी उनसे CGPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी, उत्कर्ष चंद्राकर से संपर्क और सामने आई WhatsApp चैट को लेकर पूछताछ करेगी। जांच में आगे और क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर अब सबकी नजर है।










