धमतरी। इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गयी, जब एक युवक बिजली के पोल पर चढ़ गया। पूरा मामला धमतरी शहर के शांति कॉलोनी चौक स्थित पवन होटल के पास की है, जहां युवक की हरकत के बाद हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। युवक काफी देर तक ट्रांसफार्मर के ऊपर बैठा रहा। उसे नीचे उतारने के लिए पुलिस, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग की टीम को मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रांसफार्मर पर चढ़ा युवक, मची अफरा-तफरी
घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने युवक को बिजली के ट्रांसफार्मर पर चढ़े देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। बिजली विभाग को भी सूचना देकर लाइन बंद कराई गई, ताकि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
एक घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा गया
बिजली सप्लाई बंद होने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को ट्रांसफार्मर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।इसके बाद युवक को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया।
युवक ट्रांसफार्मर पर क्यों चढ़ा, पुलिस कर रही जांच
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। फिलहाल युवक की पहचान और उसके ट्रांसफार्मर पर चढ़ने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।










