धमतरी। भाजपा के सीनियर विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर से जुड़े पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। अजय चंद्राकर आज धमतरी सिविल कोर्ट पहुंचें और कांग्रेस की केंद्रीय सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत व नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि की कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।
आपको बता दें कि इस मामले में काफी वक्त से आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की थी, अब ये मामला कोर्ट पहुंच रहा है।दरअसल मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जिसे सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ प्रसारित किया गया कि 15 अगस्त को कुरूद में अजय चंद्राकर ने तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया। चंद्राकर का कहना है कि वायरल किया जा रहा वीडियो 15 अगस्त का नहीं, बल्कि कई महीने पुराना है।
15 अगस्त का बताकर वीडियो वायरल करने का आरोप
अजय चंद्राकर के अनुसार, जिस वीडियो को स्वतंत्रता दिवस से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, वह वास्तव में 22 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। उपलब्ध रिपोर्टों में भी इस वीडियो के पुराने होने और मार्च के कार्यक्रम से संबंधित होने की जानकारी सामने आई है।चंद्राकर ने वीडियो को लेकर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि पुराने वीडियो को गलत संदर्भ के साथ पेश कर उनकी और भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ मानहानि की तैयारी
इसी मामले को लेकर अजय चंद्राकर अब न्यायालय की शरण ली हैं। वह सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ मानहानि का दावा दायर की हैं। उनका आरोप है कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे उनके खिलाफ गलत धारणा बनाने की कोशिश हुई।
मामले में पहले ही दर्ज हो चुकी है FIR
वायरल वीडियो को लेकर पुलिस में शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइंस थाने में जीरो FIR दर्ज की गई थी, जिसे आगे धमतरी जिले में ट्रांसफर किए जाने की बात पुलिस ने कही थी। रिपोर्टों के मुताबिक, शिकायत में सुप्रिया श्रीनेत, नेहा सिंह राठौर और एक सोशल मीडिया पेज का नाम सामने आया था। मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, शिकायत का केंद्र पुराने वीडियो को 15 अगस्त 2026 का बताकर प्रसारित किए जाने का आरोप है।
सोशल मीडिया विवाद अब कोर्ट तक
15 अगस्त को लेकर शुरू हुआ यह वीडियो विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर पुलिस जांच और न्यायालयीन कार्रवाई तक पहुंच गया है। अजय चंद्राकर का अगला कदम धमतरी सिविल कोर्ट में प्रस्तावित मानहानि कार्रवाई के रूप में सामने आ रहा है। मामले में अदालत के समक्ष रखे जाने वाले दस्तावेजों और दावों के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट होगी।










