Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इनमें 5,000 नियमित पद शासकीय स्कूलों के लिए हैं, जबकि 1,812 पद स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा आधार पर भरे जाएंगे।
नियमित भर्ती के 5 हजार पदों में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद शामिल हैं। इनमें से तीन प्रमुख पदों की लिखित परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है।
11 अक्टूबर से शुरू होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नियमित शिक्षकीय पदों पर भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक सहायक शिक्षक पद की लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को होगी। इसके बाद शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
वहीं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
किस पद पर कितनी भर्ती?
सरकारी स्कूलों में होने वाली 5,000 नियमित भर्तियों में पदों का ब्योरा इस प्रकार है—
• सहायक शिक्षक: 2,292 पद
• सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला): 200 पद
• शिक्षक: 1,654 पद
• व्याख्याता: 854 पद
इन पदों में ई संवर्ग के 2,227 और टी संवर्ग के 2,773 पद शामिल हैं।
सहायक शिक्षक और शिक्षक के आवेदन हो चुके पूरे
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा कार्यक्रम और आगे की प्रक्रिया पर है।
वहीं व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है। अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना और निर्देशों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद
नियमित भर्ती के अलावा स्कूल शिक्षा विभाग ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भर्ती की तैयारी भी शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित किए जाने की तैयारी है। भर्ती की अधिसूचना सितंबर महीने में जारी की जा रही है और ऑनलाइन आवेदन अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।
6,812 पदों से सरकारी स्कूलों में बढ़ेगी भर्ती
सरकार की ओर से शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकीय पदों को भरने के लिए प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से भर्ती की जा रही है। नियमित और संविदा पदों को मिलाकर 6,812 शिक्षकीय पद भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैं।
अभ्यर्थियों के लिए सबसे अहम तारीखें फिलहाल 11 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और 29 नवंबर 2026 हैं। हालांकि प्रयोगशाला सहायक शिक्षक पद की परीक्षा तिथि और आत्मानंद स्कूलों की संविदा भर्ती का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
परीक्षा की तारीख एक नजर में
पद। पदों की संख्या परीक्षा तिथि
सहायक शिक्षक 2,292 11 अक्टूबर 2026
सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) 200 बाद में घोषित होगी
शिक्षक। 1,654 25 अक्टूबर 2026
व्याख्याता। 854 29 नवंबर 2026
आत्मानंद स्कूल संविदा पद 1,812 भर्ती कार्यक्रम बाद में










