Teacher Arrest। छात्रा से छेड़खानी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के महज कुछ ही घंटे के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। नाबालिग के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजन ने डोंगरगांव थाने पहुंचकर बालिका के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ और जांच के बाद शिक्षक गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्ध से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार बंजारे (30) के रूप में हुई है। वह सक्ती जिले का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में डोंगरगांव थाना क्षेत्र के कुमर्दा में रहकर शिक्षक के पद पर कार्यरत था।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई
राजनांदगांव पुलिस के मुताबिक, महिला और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल और आरक्षक दीपक भोई की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
________________________________________










