धमतरी। एक भीषण हादसे ने सभी की रौंगटे खड़े कर दिये। डेड बॉडी लेकर आ रही एंबुलेंस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गयी। घटना छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर घटी, जहां गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ग्राम संबलपुर के पास डेड बॉडी लेकर रायपुर से जगदलपुर जा रही एंबुलेंस सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस में सवार स्टाफ नर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों को चोटें आई हैं।मृतक स्टाफ नर्स की पहचान शबनम खान के रूप में हुई है। हादसे के बाद वह एंबुलेंस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गई थीं। उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद जब उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मरीज को रायपुर लाया गया था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के महारानी अस्पताल से एक मरीज को इलाज के लिए रायपुर के एसएमसी अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के शव को एंबुलेंस के जरिए वापस जगदलपुर ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान धमतरी के संबलपुर के पास एंबुलेंस सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। प्रत्यक्ष रूप से टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का सामने का हिस्सा पूरी तरह दब गया और उसमें सवार नर्स अंदर फंस गईं।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी। सूचना मिलने पर 108 एएलएस एंबुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।रेस्क्यू के दौरान क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से नर्स को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मृतका के शव को 108 एएलएस एंबुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया।
रात 9 बजे निकले, सुबह 6:30 बजे हादसा
घटना के बारे में मां दंतेश्वरी एंबुलेंस के चालक अतुल बघेल ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे वह डिमरापाल से मरीज को लेकर एंबुलेंस क्रमांक CG04 NE 3598 से रायपुर के लिए निकले थे। तड़के करीब 3 बजे एसएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां राजेंद्र खत्री को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे वे शव और परिजनों को लेकर जगदलपुर के लिए रवाना हुए।
करीब दो घंटे बाद संबलपुर के पास हादसा हो गया। चालक के अनुसार हादसे के समय उसे झपकी आने की बात सामने आई है। अर्जुनी पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। हादसे में साइड में बैठी महारानी अस्पताल की नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई।
तीन लोग घायल, चालक सुरक्षित
इस हादसे में तीन अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं एंबुलेंस चालक के सुरक्षित होने और उसकी हालत ठीक बताए जाने की जानकारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली किस स्थिति में खड़ी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।फिलहाल हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की। मृतका के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा।
धमतरी के संबलपुर के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा और सड़क किनारे वाहनों को खड़ा करने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।










