धमतरी। बालोद जिले के दुर्ग रोड पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में एक बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक सवार पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे की जान चली गई, जबकि 8 वर्षीय दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्चे का इलाज धमतरी के अस्पताल में जारी है।
श्राद्ध मिलन कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कजराबांधा निवासी डागेश्वर साहू (34) अपने दो बेटों ओशांत साहू (12) और अनुराग साहू (8) के साथ पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल होने मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर शाम तीनों बाइक क्रमांक CG24 P 3906 से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला के पास मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG08 AU 7510 से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण जय पटेल ने घटना की जानकारी धमतरी निवासी शिवा प्रधान को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए धमतरी भेजा गया। यहां इलाज के दौरान डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे ओशांत साहू की मौत हो गई।
वहीं 8 वर्षीय अनुराग साहू गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज धमतरी के मसीही अस्पताल में जारी है।
गांव में पसरा मातम
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सड़क पर खड़े ट्रक को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार के पिता और बेटे की मौत से ग्राम कजराबांधा में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।










