धमतरी। जिले के कुरूद तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भुवनेश्वर कुमार सूर्यवंशी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत चंद्राकर से जमीन के डायवर्सन संबंधी काम के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रशांत चंद्राकर ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
तय योजना के मुताबिक ACB की टीम कुरूद तहसील कार्यालय पहुंची। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद किए जाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
ACB की टीम आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ कर रही है। रिश्वत मांगने और लेने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ACB की कार्रवाई जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।










