अंबिकापुर। देर रात शहर के मणिपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। दर्रीपारा इलाके में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी पर घर में घुसकर हमला किये जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आयी है। गुरप्रीत सिद्धू पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के करीबी बताए जाते हैं। कांग्रेस नेता ने हमले का आरोप प्रकाश साहू नाम के व्यक्ति पर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत सिद्धू ने पहले भी पुलिस को लिखित आवेदन देकर ऐसी आशंका जतायी थी।
घर में घुसकर किया हमला, चेहरे और आंख के पास गंभीर चोट
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 बदमाशों ने दर्रीपारा स्थित गुरप्रीत सिद्धू के घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। हमले में गुरप्रीत सिद्धू के चेहरे और आंख के आसपास गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान की जांच कर रही है।गुरप्रीत सिद्धू ने आरोप लगाया कि हमले के बाद उनसे पहले ही प्रकाश साहू और उसके समर्थक थाने पहुंच गये। जबकि पीड़ित वो है। गुरप्रीत ने कहा कि शिकायत के बाद भी क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही है, ये समझ से परे है।
पुरानी रंजिश को लेकर हमले का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिद्धू और भाजपा नेता प्रकाश साहू के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आ रही है। इसी रंजिश के चलते हमला किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक तथ्यों का सामने आना अभी बाकी है।
भाजपा नेता प्रकाश साहू ने आरोपों पर क्या कहा?
घटना के बाद भाजपा नेता प्रकाश साहू ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि गुरप्रीत सिद्धू उनसे रंजिश रखते हैं और घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद थे।प्रकाश साहू के बयान के मुताबिक, उनके और गुरप्रीत सिद्धू के बीच पहले से विवाद रहा है, लेकिन उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।
दोनों पक्षों ने पहले पुलिस को दी थी शिकायत
बताया जा रहा है कि गुरप्रीत सिद्धू और भाजपा नेता प्रकाश साहू की ओर से पूर्व में एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को आवेदन दिए गए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से खतरा होने की आशंका भी जताई थी।अब गुरप्रीत सिद्धू और उनकी पत्नी पर हुए हमले के बाद पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमलावरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।



















