बांदे/कांकेर। छात्रा से WhatsApp पर गंदे डिमांड करने वाले शिक्षक की छुट्टी हो गयी है। गिरफ्तारी के बाद स्कूल से उसे बर्खास्त कर दिया गया है। मामला कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग छात्रा से अश्लील व्हाट्सऐप चैटिंग और परीक्षा में फेल करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार अतिथि शिक्षक आशीष मंडल के खिलाफ अब विभागीय कार्रवाई भी तेज हो गई है।
हायर सेकेंडरी स्कूल मरोड़ा के प्राचार्य ने शिक्षक को सेवा से बर्खास्त करने की अनुशंसा करते हुए उच्च अधिकारियों को पत्र भेज दिया है।आरोपी आशीष मंडल को परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
2019 से मरोड़ा हाई स्कूल में था पदस्थ
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय आशीष मंडल वर्ष 2019 से हायर सेकेंडरी स्कूल मरोड़ा में अतिथि शिक्षक के रूप में गणित पढ़ा रहा था। आरोप है कि उसने 10वीं की छात्रा को अतिरिक्त गणित कक्षा के बहाने अपना मोबाइल नंबर देने के लिए कहा और बाद में व्हाट्सऐप पर लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजने लगा।
फेल करने की धमकी देकर बनाया मानसिक दबाव
परिजनों के मुताबिक, आरोपी शिक्षक ने छात्रा पर अश्लील चैटिंग करने के साथ न्यूड फोटो और वीडियो भेजने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।लगातार दबाव से परेशान छात्रा ने पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
मां की शिकायत पर दर्ज हुआ POCSO केस
छात्रा की मां ने 20 अगस्त को बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आशीष मंडल (30), निवासी पी.वी.-40 पुरुषोत्तम नगर के रूप में हुई है।
प्राचार्य ने लिखा बर्खास्तगी का पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल मरोड़ा के प्राचार्य ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर आशीष मंडल की सेवा समाप्त करने की अनुशंसा की है। विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच जारी है।शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















