बालोद। जिले की शासकीय शालाओं में शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। 1 अक्टूबर 2026 को स्कूलों के निरीक्षण एवं मूल्यांकन के दौरान VSK App पर कुल 626 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें 506 शिक्षक और 120 गैर-शैक्षणिक कर्मचारी शामिल हैं।इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और आहरण-संवितरण अधिकारियों (DDO) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
VSK App पर दर्ज हुई अनुपस्थिति
जारी आदेश के अनुसार, 1 अक्टूबर को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में किए गए निरीक्षण/मूल्यांकन के दौरान VSK App पर कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी दर्ज की गई। इस दौरान 506 शिक्षक और 120 गैर-शैक्षणिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अनुपस्थित पाए गए सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों से प्राप्त स्पष्टीकरण का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी का जवाब समाधानकारक नहीं पाया जाता है, तो उसे चेतावनी पत्र जारी करने के साथ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई अथवा वेतन रोकने संबंधी कार्रवाई की स्थिति में इसकी जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश
DEO ने सभी संबंधित BEO और DDO को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर, कलेक्टर बालोद और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालोद को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
जिले के शासकीय स्कूलों में उपस्थिति को लेकर जारी इस आदेश के बाद अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों से अब स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इसके बाद जवाब की जांच के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










