बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में तीन दिन की बारिश ने भयंकर तबाही मचायी है। कही, नदी-नाले उफान पर हैं, तो कहीं बड़े-बड़े पेड़ धाराशायी हो रह हैं। इस बीच एक बड़ी खबर बलौदाबाजार से सामने आयी है, जहां उफनते नाले में बिजली विभाग की गाड़ी बह गयी, इस गाड़ी के साथ चार कर्मचारी भी बह गये। चार कर्मचारी में से तीन ने तो किसी तरह अपनी जान बचा ली, लेकिन एक का अबतक सुराग नहीं लगा है।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर के पास स्थित खोरसी नाला को पार करते समय बिजली विभाग के कर्मचारियों से भरी एक पिकअप तेज बहाव में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी के लापता होने की आशंका है। उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
उफनते नाले को पार करना पड़ा भारी
घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि बिजली विभाग की टीम अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए जा रही थी। मंगलवार तड़के करीब 2 बजे चालक ने खोरसी नाला पार करने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर बहाव की चपेट में आ गई और लगभग 800 मीटर दूर तक बह गई।
तीन कर्मचारी सुरक्षित, एक की तलाश जारी
हादसे के समय वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। वहीं एक कर्मचारी के वाहन में फंसे होने या तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि वाहन को बाहर निकालने के बाद ही लापता कर्मचारी के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तेज बहाव से रेस्क्यू में आ रही दिक्कत
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के लिए नगर सेना की एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। संयुक्त टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है, लेकिन नाले में 10 से 12 फीट गहरा पानी और तेज बहाव बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है।घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पिकअप वाहन को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। लापता कर्मचारी की स्थिति वाहन मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










