बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति (अटैचमेंट) समाप्त करने के बाद भी कई शिक्षक मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और हाईस्कूल-हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों से ऐसे शिक्षकों की जानकारी तलब की है, जिन्हें रिलीव तो कर दिया गया, लेकिन उन्होंने अब तक नई पदस्थापना पर जॉइन नहीं किया।
डीईओ कार्यालय की ओर से 3 अगस्त 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे सभी मामलों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए। इस हिसाब से 5 अगस्त रिपोर्ट भेजने की अंतिम तिथि है।

अटैचमेंट खत्म होने के बाद भी नहीं कर रहे जॉइन
राज्य सरकार पहले ही प्रतिनियुक्ति व्यवस्था समाप्त कर शिक्षकों को उनके मूल स्कूलों में भेजने का फैसला कर चुकी है। इसके बाद संबंधित अधिकारियों ने शिक्षकों को रिलीव भी कर दिया, लेकिन विभाग को जानकारी मिली है कि कई शिक्षक अभी तक नई जगह कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि कुछ शिक्षक अब भी अटैचमेंट जारी रखने या दूसरी जगह समायोजन की कोशिश में हैं।

डीईओ ने मांगी विस्तृत जानकारी
जारी आदेश में सभी बीईओ और प्राचार्यों को ऐसे शिक्षकों की सूची भेजने के निर्देश दिए गए हैं, जिन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। रिपोर्ट में निम्न जानकारी मांगी गई है—
• संबंधित शिक्षक का नाम
• संस्था का नाम
• प्रतिनियुक्ति (संलग्न) वाली संस्था
• मूल पदस्थापना स्थल
• कार्यमुक्त (Relieve) किए जाने की तिथि
• अब तक जॉइनिंग नहीं करने की स्थिति
आगे हो सकती है कार्रवाई
शिक्षा विभाग का उद्देश्य यह पता लगाना है कि आदेश के बावजूद किन शिक्षकों ने जानबूझकर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। रिपोर्ट मिलने के बाद ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। शिक्षा विभाग पहले ही प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने की बात कह चुका है।



















