बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अस्पताल की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। एक निजी अस्पताल प्रसव के लिए भर्ती हुई महिला के साथ कथित तौर पर बड़ी लापरवाही हुई है। आरोप है कि डिलीवरी ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने महिला के पेट में सिलाई का धागा छोड़ दिया। ऑपरेशन के बाद महिला लगातार तेज पेट दर्द से परेशान रही। जब उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन उसे दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान लापरवाही का खुलासा हुआ।यह मामला तोरवा क्षेत्र स्थित पेंडलवार नर्सिंग होम का बताया जा रहा है।
डिलीवरी के लिए कराया था भर्ती
इस मामले में दर्ज करायी गयी शिकायत के मुताबिक पीड़ित महिला को प्रसव के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी कराई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को लगातार तेज पेट दर्द और असहजता की शिकायत बनी रही।
परिजनों का आरोप है कि कई बार अस्पताल से संपर्क करने के बावजूद महिला की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान पेट में ऑपरेशन के समय छोड़ा गया सिलाई का धागा मिलने की जानकारी सामने आई।
CMHO से की शिकायत
घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से की है। शिकायत में संबंधित अस्पताल और डॉक्टरों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग से शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल की लापरवाही सिद्ध होने पर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पीड़ित महिला का दूसरे अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
आपको बता दें कि इस प्रसव के दौरान लापरवाही काफी बड़ी लापरवाही है। इसकी वजह से मरीज की जान पर भी बन सकती है। हालांकि फिलहाल इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।



















